भारतीय जनता पार्टी बेशक अपने दिल्ली चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का नाम सामने नहीं ला रही है। लेकिन आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने प्रतिद्वंदी का नाम लगातार उछाल रहे हैं।
ऑटो कैंपेन में अभी तक जगदीश मुखी को दिल्ली भाजपा का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बताने वाले केजरीवाल ने मंगलवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी का नाम आगे किया है। ट्विटर पर केजरीवाल ने ईरानी को दिल्ली भाजपा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताया है।
दरअसल, ‘आप’ की रणनीति रही है कि केजरीवाल के सामने प्रमुख विपक्षी दल के बड़े नेता का नाम रखा जाए। फिर, दोनों की तुलना कर केजरीवाल की खूबियों का प्रचार किया जाए। पिछले चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ अपनाई गई यह रणनीति फायदे का सौदा साबित हुई थी।