दिल्ली में चुनावों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन आप
मुखिया अरविंद केजरीवाल चुनावों के मूड में आ गए। रामलीला मैदान में
गुरुवार को आयोजित ऑटो रिक्शा चालकों की रैली में वह उसी अंदाज में दिखे
जैसे वे चंद महीने पहले लोकसभा चुनाव की रैलियों में दिखते थे।
ऑटोचालकों
के बहाने उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को दिल्ली में अधिक से अधिक चुनावी
पोस्टर लागने की बात कहकर पुलिस से दो-दो हाथ करने के संकेत भी दे दिए।
'खूब लगाओ पोस्टर'
आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'आजकल दिल्ली पुलिस पोस्टर लगाने वालों को परेशान कर रही है क्योंकि पोस्टर कम लगाए जा रहे हैं। और पोस्टर लगाओ, खुद ही पुलिस परेशान करना बंद कर देगी।'
गौरतलब है कि पोस्टर लगाने पर ही आप प्रवक्ता दिलीप पांडेय समेत कुल सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। केजरीवाल मुख्यमंत्री रहते हुए दिल्ली पुलिस के खिलाफ धरना भी दे चुके हैं।
'महा ऑटो संगठन बनाओ'
रैली में ऑटो वालों की परेशानियों पर केजरीवाल ने उन्हें महा ऑटो संगठन बनाने के लिए कहा।
केजरीवाल ने कहा कि किसी भी परेशानी से निबटने के लिए संगठन की बहुत जरूरत है। इसलिए ऐसा संगठन बनाओं की कोई तुम्हारी बातों की अनदेखी न कर सके।
ऑटो वालों की लुभाते हुए केजरीवाल ने कहा कि अगले चार महीने में उनकी सरकार दोबारा बनने वाली है, तब वह सारी परेशानी दूर कर देंगे।
उन्होंने कहा कि वे ऑटो वालों की परेशानियों पर उपराज्यपाल नजीब जंग और पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी से मुलाकात भी करेंगे।