ईडी ने देशभर के 40 ठिकानों पर छापा मारा
दिल्ली की आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम ने देशभर के 40 ठिकानों पर छापा मारा है। ये छापे आंध्र प्रदेश के नेल्लोर, कर्नाटक, तमिलनाडु और दिल्ली-एनसीआर के शराब व्यवसायियों, वितरकों और आपूर्ति श्रृंखला नेटवर्क से जुड़े परिसरों पर मारे। इससे पहले केंद्रीय जांच एजेंसी ने देशभर के लगभग 45 स्थानों पर छह सितंबर को तलाशी अभियान चलाया था।
एमसीडी बना रही 16 नए कूड़े का पहाड़, जीना होगा दुश्वार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दावा है कि दिल्ली में एमसीडी 16 नए कूड़े के पहाड़ बनाने की योजना बना रही है। इससे दिल्लीवासियों का जीना मुश्किल हो जाएगा। दिल्ली सरकार इस तरह के प्रस्ताव का सख्त विरोध करती है। इससे 24 घंटे बदबू आएगी और दिल्ली कूड़े के पहाड़ों की राजधानी बन जाएगी। केजरीवाल का कहना है कि दिल्ली आज अपनी शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विश्व भर में जानी जाती है। दिल्ली सरकार दिल्ली को तिरंगों, झीलों, पार्क और गार्डेन का शहर बना रही है। जबकि यह लोग (भाजपा) दिल्ली को कूड़े का शहर बना रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हमने शिक्षा-स्वास्थ्य, बिजली-पानी समेत कई क्षेत्रो में काफी सुधार किए, लेकिन सफाई व्यवस्था बहुत खराब है। मौजूदा तीनों कूड़े के पहाड़ भलस्वा, गाजीपुर व ओखला के आसपास रहने वाले लोगों की जिंदगी खराब हो रखी है। इन कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने के लिए ठोस कचरा प्रबंधन की आधुनिक तकनीक को लागू करने की कोशिश करनी चाहिए थी, लेकिन यह नहीं किया गया। हजारों करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी इन कूड़े के पहाड़ों की उंचाई कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। अगर देश की राजधानी इस तरफ कूड़ों का शहर बनाया गया, तो इससे दिल्ली समेत पूरे देश के लोग नाराज होंगे।