आम आदमी पार्टी को भी सफाई अभियान में शामिल होने के लिए न्यौता मिला है। पार्टी अभियान से जुड़ने के बारे में फैसला मंगलवार को करेगी। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।
केजरीवाल के मुताबिक सरकार से हमें सफाई अभियान से जुड़ने का निमंत्रण मिला है। शायद सभी पार्टियों को इस तरह का संदेश गया होगा। पार्टी वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श करके मंगलवार को फैसला करेगी।
बता दें कि स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की दीवार से देश को स्वच्छ बनाने की मुहिम छेड़ने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अक्तूबर को दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर से मिशन क्लीन इंडिया की शुरुआत करेंगे।
गडकरी के खिलाफ AAP का ऐलान
आम आदमी पार्टी (आप) ने तय समय में दिल्ली में ई-रिक्शा के बारे में दिशा-निर्देश जारी ने करने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर निशाना साधा है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि आठ अक्तूबर से ई-रिक्शा चलाक जंतर मंतर पर अगली लड़ाई का ऐलान करेंगे। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को इस बारे में नितिन गडकरी को एक चिट्ठी भी लिखी है।
16 सितंबर की मुलाकात का जिक्र करते हुए केजरीवाल का कहा है कि उस समय गडकरी ने वादा किया था कि 27 सितंबर तक नोटिफिकेशन हो जाएगा। लेकिन तय समय बीत जाने पर मंत्रालय से जानकारी मिल रही है कि अभी इसमें काफी समय लगेगा। लिहाजा एक बार फिर केंद्रीय मंत्री झूठे साबित हुए हैं।
केजरीवाल का कहना है कि प्रधानमंत्री लगातार दावा कर रहे हैं कि देश से रेड-टेप खत्म होगा। लेकिन उनकी उनकी नौकरशाही चार महीने में ई-रिक्शा पर नियम नहीं बना सकी है। साफ है कि मौजूदा एनडीए सरकार अपनी पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के नक्शेकदम पर चल रही है।
मोदी की योजना पर केजरी की चुटकी
प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया नारे की चुटकी लेते हुए केजरीवाल का कहना है कि उद्योगपतियों से कहा जा रहा है कि वह भारत में निवेश करें। इससे रोजगार पैदा होंगे। केजरीवाल का सवाल है कि ई-रिक्शा चालक तो आपसे किसी तरह के निवेश की मांग नहीं रहे हैं। लेकिन कानूनी अड़चन से दो लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं।
केजरीवाल ने चेतावनी दी है कि सरकार को जल्द से जल्द ई-रिक्शा के बारे में दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। आठ अक्तूबर को दिल्ली केसभी ई-रिक्शा चालक जंतर मंतर पर इकट्ठा होंगे। इस दौरान आगे की रणनीति तय होगी।
विधायक ने छठ पूजा की तैयारियां का लिया जायजा
पटपड़गंज के विधायक मनीष सिसोदिया ने सोमवार को छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे। सिसोदिया ने खास तौर से ऐसे पार्कों का दौरा किया, जहां छठ पूजा आयोजित होती है। सिसोदिया ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पार्क का नवीकरण होना चाहिए। जिससे छठ पूजा में आने वाली महिलाओं, बच्चों, बुजुर्ग को परेशानी न हो।