आतिशी कई बार लगा चुकी हैं आरोप
प्रेसवार्ता में मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। उनका ईडी की हिरासत के दौरान तीन बार शुगर लेवल गिर गया था। एक बार 46 तक भी पहुंच गया था, जो किसी भी व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। सीएम का 12 दिनों में 4.5 किलो वजन घटा है। डायबिटीज के मरीज के लिए इतने कम समय में वजन घटना खतरनाक है। उनकी दिन में कई बार ब्लड शुगर लेवल की जांच होती है। घटते-बढ़ते शुगर लेवल के अनुसार उन्हें दवाइयां और इन्सुलिन इंजेक्शन लेने होते हैं।
आतिशी ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हिरासत में केजरीवाल के स्वास्थ्य को कुछ हुआ, तो देश भाजपा को कभी माफ नहीं करेगा। वहीं, दिलीप पांडे ने कहा कि केजरीवाल देश की जनता की उम्मीद हैं। भाजपा उनके स्वास्थ्य को लेकर राजनीति न करे। गिरफ्तारी के दौरान उनका वजन 69.5 किलो था, जो मात्र 12 दिनों में घटकर 65 किलो रह गया है। डाइट प्लान फॉलो न होने से शुगर लेवल भी गिरकर 46 पर आ गया है। आप के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता है। इधर, तिहाड़ जेल प्रशासन ने वजन कम होने के आरोप को गलत बताया है। जेल प्रशासन का कहना है कि सोमवार को केजरीवाल तिहाड़ पहुंचे थे। उस दिन दो डॉक्टरों ने उनका चेकअप किया था। वे स्वस्थ हैं। नियमित रूप से डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं।