प्रदेश की सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाले जनरल वीके सिंह इसका श्रेय नरेंद्र मोदी को दे रहे हैं। उन्होंने जनता के सपनों को पूरा करने का वादा करने के साथ ही गाजियाबाद में रहकर पूरा समय देने की बात कही।
उन्होंने मोदी से जनता की उम्मीदों को पूरा करने के साथ ही महानगर को विकास में नोएडा-गुड़गांव के जैसा बनाने को योजनाएं लागू करने को कहा। अमर उजाला के सवालों के उन्होंने बेबाकी से जवाब दिए।
सवाल : सुबह से चुनाव परिणामों को लेकर दिल धक-धक कर रहा होगा
जवाब : जीवन में कभी मेरे दिन ने धक-धक नहीं किया। विश्वास, दृढ़ निश्चय और ईश्वर पर विश्वास के साथ काम शुरू करता हूं। परिणाम को लेकर दृढ़ विश्वास होता है, ऐसे में दिल के धक-धक करने का कारण नहीं है।
सवाल : भारी जीत का श्रेय किसको देते हैं?
जवाब : मैं कुछ दिन पूर्व आया हूं, इसमें मेरा क्या है? यह जीत नरेंद्र मोदी केनेतृत्व, बीजेपी की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत की है। जिस तरह कार्यकर्ताओं ने दिनरात मेहनत की है, उससे जीत पहले ही तय हो गई थी। विकास में पिछड़ापन, बिगड़ी कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार-घोटाले और राष्ट्रीय असुरक्षा झेल रहे देश में जनता बदलाव चाहती थी।
सवाल : आपको रक्षा मंत्रालय मिलने की कितनी उम्मीद है?
जवाब : मैं पार्टी का वफादार सिपाही हूं। उन्होंने गाजियाबाद भेजा, मैंने आकर अपना दायित्व निभाया। किसी मंत्रालय की मांग मैंने नहीं की है, पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसका निर्वहन करूंगा। किसी जिम्मेदारी से भागूंगा नहीं और लापरवाही नहीं करूंगा।
सवाल : गाजियाबाद की प्रमुख समस्याओं को दूर करने की क्या योजना है?
जवाब : यहां की समस्याओं को सूचीबद्ध करके हमने घोषणा पत्र जारी किया था। बिना टाइमलाइन के उस पर काम करूंगा। बिजली, पानी, सड़क, यातायात, सीवरेज और जाम आदि की योजना बनाकर समस्याओं को दूर किया जाएगा। एनसीआर प्लान पर काम कराया जाना बाकी है। उसका पालन होने पर ही गाजियाबाद को नोएडा और गुड़गांव जैसा शहर बनाया जा सकेगा।
सवाल : क्या एक बार फिर गाजियाबाद को दिल्ली वाला सांसद मिला है?
जवाब : पहले किसी व्यक्ति पर मैं टिप्पणी नहीं करूंगा। मैं गाजियाबाद में ही रहूंगा। दिल्ली से आना-जाना नहीं करूंगा। लोग मुझको दिल्ली के पास इंदिरापुरम में मकान लेने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन मैं दिल्ली के पास नहीं, लोगों के दिलों के पास मकान लूंगा। एक महीने में राजनगर-कविनगर आदि क्षेत्र में अपना घर लेने की योजना है। लोगों के हर दुख-दर्द में शामिल रहूंगा, साथ रहूंगा।
सवाल : देशभर में बीजेपी की जीत को किस रूप में देखते हैं?
जवाब : देश की अपराध, भ्रष्टाचार, घोटाले, बेरोजगारी, महंगाई और कांग्रेस की नीतियों से परेशान थी। अन्ना के आंदोलन से बदलाव की बयार शुरू हुई थी। मोदी जी का नेतृत्व लोगों की समस्याओं का समाधान था। इसको स्वीकार कर जनता ने अपना समर्थन दिया है।