अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समयपुर बादली इलाके में टेंपो चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने छह नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मामूली कहासुनी ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार 14 अप्रैल की रात राजीव नामक टेंपो चालक पर चाकू से हमला किया गया था। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि राजीव की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी की दादी को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से वह गुस्से में था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक सभी आरोपियों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है और मामले की आगे जांच जारी है।