संवाद न्यूज एजेंसी नूंह।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बाई (जिला नूंह) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जाएंगे।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार आवेदन करने वाले छात्र-छात्रा की आयु 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 1 मई 2015 से पहले तथा 31 जुलाई 2017 के बाद का नहीं होना चाहिए। साथ ही छात्र-छात्रा का नूंह जिले का निवासी होना और कक्षा 3, 4 व 5 में नियमित अध्ययनरत होना अनिवार्य है। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी और विवरणिका नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विद्यालय प्रशासन ने पात्र अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।