दिल्ली में एक और गर्भवती महिला कोरोना संक्रमित मिली है। इससे पूर्व तीन गर्भवती महिलाएं पॉजिटिव मिल चुकी हैं। महिला को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया है। 9 माह का गर्भ होने के चलते महिला की जल्द प्रसूति कराई जा सकती है। उसका पति और दो बच्चे भी संक्रमित हैं। जिला प्रशासन के अनुसार गर्भवती महिला और उसका परिवार मरकज से जुड़ा हुआ है। साथ ही इन लोगों की हाल ही में विदेश यात्रा की जानकारी भी मिली है। कापसहेड़ा स्थित उपायुक्त कार्यालय के नजदीक ही इनका घर है, जिसे फिलहाल कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया है।
इससे पहले दिल्ली एम्स के एक डॉक्टर की गर्भवती पत्नी भी संक्रमित मिल चुकी है, जिसकी प्रसूति कराने के बाद एम्स के कई डॉक्टर क्वारंटीन पर चले गए थे। हालांकि, नवजात शिशु को संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। इस दौरान आरएमएल अस्पताल में भी एक गर्भवती महिला पॉजिटिव मिलने के बाद 18 डॉक्टर व अन्य स्टाफ को क्वारंटीन किया गया था। हालांकि, बाद में महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान की एक नर्स भी संक्रमित मिली थी। गर्भवती होने के कारण वह अवकाश पर चल रही थीं, लेकिन बीते माह किसी काम के लिए उन्हें कैंसर अस्पताल जाना पड़ा था और इस दौरान वह संक्रमण की चपेट में आ गई थीं। उनका दो वर्षीय बेटा भी संक्रमित है। मां-बेटे का लोकनायक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
तीन जिलों में अलर्ट
कापसहेड़ा में गर्भवती महिला संक्रमित होने के बाद कान्ट्रैक्ट ट्रैसिंग के लिए अब तक तीन जिलों को अलर्ट पर कर दिया है। इसमें नई दिल्ली के अलावा दक्षिण और दक्षिण पूर्वी दिल्ली शामिल है। दरअसल, गर्भवती महिला का आईवीएफ उपचार वसंत विहार स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। यही से ग्रेटर कैलाश स्थित फोर्टिस ला फेमे अस्पताल में उपचार भी करा रही थी। महिला के संक्रमित मिलने के बाद इन दोनों अस्पतालों में जिला टीमों को क्वारंटीन के लिए भेजा है।