नॉन प्लान दाखिले के तहत दूसरे चरण के लिए 10 जुलाई से आवेदन प्रक्रिया शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के सरकारी स्कूलों (सीएम श्री स्कूल, स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस) में दसवीं-बारहवीं में नॉन प्लान दाखिले के तहत दाखिला नहीं ले सके छात्रों को एक और मिलेगा। शिक्षा निदेशालय ने 10 जुलाई से नॉन प्लान दाखिले के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है। इसके लिए 25 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है।
दाखिले के लिए कॉमन एडमिशन टेस्ट (सीएटी) एक अगस्त को होगा। इसका परिणाम पांच अगस्त को आएगा। सरकारी स्कूलों में नॉन प्लान दाखिलों के तहत उन बच्चों को दाखिला मिलता है जो किसी अन्य स्कूल से दाखिला लेना चाहते हैं। शिक्षा निदेशालय की ओर से सीएटी का आयोजन सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। दाखिला वही छात्र ले सकेंगे, जो दिल्ली के निवासी हैं। बारहवीं में दाखिले के लिए ग्यारहवीं में साइंस स्ट्रीम के साथ गणित लेने के लिए 55 फीसदी, साइंस स्ट्रीम बिना गणित के 55 फीसदी, कॉमर्स के साथ गणित लेने के लिए 50 फीसदी अंक जरूरी हैं। दसवीं में दाखिले के लिए नौवीं पास होना जरूरी है।