संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। कला मंडली की ओर से 15 से 19 जुलाई तक चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘विविधा-2026’ का आयोजन होगा। दो चरणों में होने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के कलाकार नाटक, शास्त्रीय नृत्य, संगीत, लोक कलाओं और विचार-विमर्श के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव का उद्घाटन 15 जुलाई को मंडी हाउस स्थित श्रीराम सेंटर में होगा। उद्घाटन दिवस पर युवा कथक नर्तक आर्यव आनंद की प्रस्तुति, हिसार के कलाकारों की नृत्य-नाटिका ‘मीरा’ और सुमन कुमार लिखित नाटक ‘कीचक-वध’ प्रमुख आकर्षण होंगे।
इसके बाद 17, 18 और 19 जुलाई को कार्यक्रम राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के सम्मुख स्थित सभागार में होगा। इस दौरान पंजाब, महाराष्ट्र, बिहार, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत देश के विभिन्न राज्यों के कलाकार प्रस्तुति देंगे। आयोजन में रोजाना नाट्य प्रस्तुतियों के साथ शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय, सुगम और लोक संगीत, ताल वाद्य, व्याख्यान तथा परिचर्चा होगी। इसका उद्देश्य भारतीय कला और संस्कृति की विविध अभिव्यक्तियों को एक मंच पर लाना और कलाकारों के बीच सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना है।
कला मंडली, दिल्ली की ओर से ट्रांसजेंडर कलाकारों को भी विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण देकर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। इस वर्ष भी वे अन्य कलाकारों के साथ अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों ने बताया कि ‘विविधा-2026’ के सभी कार्यक्रमों में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।