बजरंग दल के पदाधिकारियों ने करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा कर एक स्कार्पियों कार में दो गोवंश बरामद किए हैं। खुद को घिरता देख आरोपी गाड़ी क्रासिंग्स सिटी के पास छोड़कर फरार हो गए।
स्कार्पियो में गोवंश ले जा रहे आरोपियों को शहर में चेकिंग के लिए कहीं भी रोका नहीं गया। इससे नाराज बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने क्रासिंग्स रिपब्लिक चौकी पर हंगामा किया।
बजरंग दल के संयोजक सुभाष चंद ने बताया कि शुक्रवार सुबह विजयनगर बाइपास से एनएच 24 के रास्ते गोवंश को स्कॉर्पियो कार में हापुड़ की ओर ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद कार का पीछा किया गया।
एबीईएस कट से आरोपियों ने नोएडा की ओर कार मोड़ ली। क्रासिंग्स सिटी के पास आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। स्कार्पियो से दो गोवंश बरामद हुए। कार की पिछली सीटों को निकालकर उन्हें ठूंस दिया गया था।
घायल एक गोवंश को उपचार के लिए नोएडा पशु अस्पताल और दूसरे को देखभाल के लिए बजरंग दल के पदाधिकारियों ने एक महंत को सौंपा है। अज्ञात तस्कर के खिलाफ विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज क राई गई है।