13 सितंबर से निपुण भारत अभियान के तहत परीक्षा होनी है। परीक्षा में अधिक से अधिक छात्रों को शामिल कराने के लिए सिमरा स्थित कम्पोजिट विद्यालय के सहायक अध्यापक मृत्युंजय चतुर्वेदी पुत्र प्रमोद चतुर्वेदी निवासी प्रेमगंज अपने साथी अध्यापक अंबरीश कुमार गुप्ता पुत्र जवाहर लाल गुप्ता निवासी छुट्टू का बागीचा थाना कोतवाली के साथ सोमवार दोपहर एक बजे गांव में गए थे।
मृत्युंजय ने पुलिस को बताया जैसे ही वह लोग रामवीर कुशवाहा, इंदर यादव के घर के पास पहुंचे वहां करीब एक दर्जन लोग आ गए। यह लोग बच्चों की छात्रवृत्ति न मिलने की शिकायत करने लगे। अध्यापकों ने छात्रवृत्ति खाते में पहुंच जाने की बात कही लेकिन, रामवीर और इंदर नाराज हो गए और गाली-गलौच करने लगे। मृत्युंजय और रामवीर में विवाद हो गया। गुस्साए गांव के लोगों ने दोनों अध्यापकों पर हमला बोल दिया। मारपीट करने के साथ ही उनके कपड़े फाड़ दिए। दोनों अपनी मोटर साइकिल छोड़कर भाग निकले। गुस्साए गांव वालों ने उनकी मोटर साइकिल में तोड़फोड़ करके पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया।
उधर, जान बचाकर दोनों अध्यापक सीधे रक्सा थाने पहुंचे। सूचना मिलने पर रक्सा पुलिस भी मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी वहां से भाग निकले। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश की जा रही है।