भाजपा सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा के आवास पर पहुंचे अमित शाह
- फोटो : ANI
गणतंत्र दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा के आवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सभी से बातचीत की। अमित शाह ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा के जाट नेताओं से मुलाकात की। शाह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहले चरण की वोटिंग से पहले जाटों की नाराजगी दूर करने की कोशिश की।
उधर, यूपी के जाट नेताओं के साथ अमित शाह की बैठक के बाद भाजपा सांसद परवेश वर्मा ने कहा कि हम रालोद प्रमुख जयंत चौधरी का अपने घर (भाजपा) में स्वागत करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने गलत रास्ता चुना है। जाट समुदाय के लोग उनसे बात करेंगे। हमारे दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं। यह बात तय है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
बेशक हमें डांट लें पर वोट गलत जगह मत दें
कहा जा रहा है कि बैठक के दौरान शाह ने जाट नेताओं से कहा है कि वोट गलत जगह मत दें। बेशक हमें डांट लें। उन्होंने जाट नेताओं से कहा कि आप भी देश और किसानों के बारे में सोचते हैं और भारतीय जानता पार्टी भी।
चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न और समुदाय के लिए आरक्षण की मांग
बुलंदशहर के जाट नेता नरेंद्र सरोही का कहना है कि शाह से मुलाकात के दौरान उन्होंने चौधरी चरण सिंह के लिए भारत रत्न की मांग की है। साथ ही जाट समुदाय के लिए आरक्षण की भी बात कही है। सरोही के मुताबिक इन दोनों बिंदुओं पर गृह मंत्री की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
मुझे आमंत्रित न करें- जयंत चौधरी
यूपी में रालोद के साथ संभावित गठबंधन के सांसद परवेश वर्मा के बयान पर रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा 'मुझे आमंत्रित न करें। उन 700 से अधिक किसानों को आमंत्रित करें जिनके घर आपने तबाह कर दिए थे।'