हामिद के घर से मिली इटली की पिस्टल
एसीबी के एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि गफ्फूर नगर निवासी हामिद अली खान विधायक का करीबी व बिजनेस पार्टनर है। टीम का उसके घर की तलाशी ली में इटली की ब्रेटा पिस्टल, 8 एमएम के छह कारतूस, 7.65 के 10 कारतूस व 16 छर्रे आदि बरामद हुए हैं। अवैध पिस्टल होने के कारण हामिद को गिरफ्तार किया गया।
कौसर के घर से मिला तमंचा व तीन कारतूस
एसीबी के इंस्पेक्टर राजेश सिन्हा ने बताया कि विधायक के करीबी बिजनेस पार्टनर कौसर के घर पर छापे में तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में जामिया नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कौसर की तलाश की जा रही है।
अवैध हथियार के अलावा 24 लाख हुए थे बरामद
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि अमानतुल्लाह को शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बाद में गिरफ्तारी की गई। एसीबी की टीम ने विधायक व उनके करीबियों के घर पर छापे मारे थे। चार जगह मारे गए छापों में टीम ने हथियारों के अलावा 24 लाख रुपये बरामद किए थे। 12 लाख हामिद व 12 लाख कौसर के यहां से बरामद हुए।
विधायक ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताया
कोर्ट में पेशी के दौरान अमानतुल्लाह खान ने खुद को बेकसूर बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी को बदनाम करने की नीयत से ऐसा किया जा रहा है, जो एफआईआर उनके खिलाफ दर्ज की गई है, उसमें दम नहीं है। घर से भी एसीबी को कुछ नहीं मिला। विधायक ने हामिद और कौसर को करीबी होने की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा वह उनके बिजनेस पार्टनर नहीं हैं। हथियार मिलने की बात से भी विधायक ने पल्ला झाड़ लिया।
पत्नी ने पुलिस पर हमले की बात से किया इनकार
एसीबी की टीम पर हमले की बात को विधायक की पत्नी सफिया खान ने गलत बताया है। उनका का कहना है कि वीडियो से इसकी पुष्टि की जा सकती है। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि टीम को उनके घर से कुछ नहीं मिला है। सफिया ने मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि बदनाम करने की नियत से जानबूझ कर गलत खबरें दिखाई जा रही हैं।