होली त्योहार पर आप घर जाने की सोच रहे हैं, तो एक बार ट्रेन की स्थिति की जानकारी हासिल कर लें। क्योंकि पूर्वांचल दिशा की तरफ जाने वाली सभी ट्रेन फुल हो गई हैं। टिकट काउंटर पर वेटिंग टिकट भी कई ट्रेनों में उपलब्ध नहीं है। कई ट्रेन में वेटिंग टिकट तक नहीं मिल रहा है। क्योंकि वेटिंग टिकट की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि टिकट काउंटर से टिकट की बिक्री बंद कर दी गई है।
हर साल की तरह इस साल भी होली के मौके पर पूर्वाचल की तरफ जाना मुश्किल है। ऐसे में दिल्ली में रह रहे प्रवासियों को अपनों के साथ होली खेलने जाने के लिए अन्य यातायात के संसाधन का इस्तेमाल करना पड़ेगा। क्योंकि 17 मार्च तक किसी भी ट्रेन में सीट खाली नहीं है। पूर्वाचल की तरफ जाने वाली लखनऊ मेल, श्रमजीवी, गोरखधाम, पूर्वा, सुहेलदेव, कैफियात, वैशाली, सप्त क्रांति, संपूर्ण क्रांति समेत कई नियमित ट्रेन में वेटिंग टिकट मिल रहा है।
दिल्ली से गोरखपुर जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति में 54 वेटिंग है तो गोरखधाम एक्सप्रेस में 106 वेटिंग टिकट मिल रहा है। इसी तरह वैशाली स्लीपर क्लास में 186, सप्तक्रांति में 142 व अवध-आसाम में 100 वेटिंग मिल रहा है। इसी तरह दिल्ली-लखनऊ के बीच चलने वाली कैफियात एक्सप्रेस में वेटिंग टिकट तक नहीं है। गोरखधाम में 106 वेटिंग है तो श्रमजीवी में 103, वैशाली में 186। इसके अलावा दिल्ली-पटना रूट पर चलने वाली हावड़ा-दुरंतो के स्लीपर क्लास में 40 वेटिंग, संपूर्ण क्रांति में 188, मगध में 87 व फरक्का एक्सप्रेस में 60 वेटिंग टिकट मिल रहा है। दिल्ली-कानपुर की बात करें तो आनंद विहार-हल्दिया सुपरफास्ट में 97, शिवगंगा में 67, महाबोधी में 101 वेटिंग टिकट मिल रहा है।
घंटों टिकट काउंटर की लाइन में समय हो रहा बेकार
पूर्वाचल दिशा की तरफ जाने वाले लोग इन दिनों असमंजस की स्थिति में हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा की तरफ जाने वाली ज्यादातर ट्रेन फुल हैं। एसी क्लास ही नहीं स्लीपर व सेकेंड क्लास स्लीपर में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति में दिल्ली केसभी रेलवे स्टेशन पर निराश होकर लोग लौट रहे है। दिल्ली के आरक्षण केंद्र पर आरक्षित टिकट की चाह लेकर घंटों लाइन में लगने के बाद भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा।