आप विधायक अलका लांबा ने कहा है कि अब वह आप में ज्यादा वक्त नहीं बिता सकती। उनको कांग्रेस से निमंत्रण मिलने का इंतजार है। उधर, लांबा के बागी रुख पर आप कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
सिर्फ आप प्रवक्ता व विधायक ने ट्वीट किया कि अलका लांबा को कांग्रेस में शामिल होने से पहले पार्टी से इस्तीफा देना होगा। इसका सीधा मतलब विधायक की कुर्सी छोड़ने से है।
विधायक के आंसू आ गए थे
लांबा ने कहा कि एक बार तो बैठक में केजरीवाल ने वरिष्ठ विधायक के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, जिससे उनकी आंखों में आंसू आ गए थे और उन्होंने इस्तीफा तक दे दिया था, लेकिन बाद में उन्हें मनाया गया था।
आप एससी/एसटी विंग के प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा
आप के एससी/एसटी विंग के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह ने अपने पद व पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बीते 24 अगस्त को ही कर्म सिंह को यह जिम्मेदारी पार्टी ने दी थी। कर्म सिंह का आरोप है कि आप के भीतर रहकर भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं बोला जा सकता है।