एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से कई बार मौका देने के बाद भी 4370 छात्रों के दस्तावेज एकेटीयू में सत्यापन के लिए नहीं पहुंचे। इसके बाद इनके दाखिले रद्द कर दिए गए।
एकेटीयू ने इनमें से करीब 4000 दाखिलों को फर्जी माना है। विश्वविद्यालय जल्द ही दाखिले में फर्जीवाड़ा करने वाले कॉलेजों पर कार्रवाई की तैयारी में है।एकेटीयू ने संबद्ध इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों के छात्रों के दस्तावेज में गड़बड़ी के कारण 19,834 छात्रों का नामांकन रद्द करते हुए इनके विषम सेमेस्टर के नतीजों पर रोक लगा दी थी।
इनमें गौतमबुद्धनगर के करीब चार हजार छात्र-छात्राएं शामिल थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस बार नामांकन की ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के कारण छात्रों की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेज में कमी पाई गई थी।
एकेटीयू ने कहा था कि 8 मार्च तक दस्तावेज सत्यापन नहीं कराने वाले छात्रों के दाखिले रद्द कर दिए जाएंगे। इसके बाद कई बार कॉलेजों को छात्रों के अधूरे दस्तावेज जमा करने का मौका दिया गया। 31 मार्च को अंतिम तारीख थी, जिसके बाद भी 4370 छात्रों के दस्तावेज सत्यापन के लिए नहीं पहुंचे।
छात्रवृत्ति हड़पने के लिए फर्जी दाखिले
पहले ऑफलाइन नामांकन होता था। ऐसे में फर्जी पंजीकरण कराकर छात्रवृत्ति हड़पने के मामले सामने आते थे। इस बार ऑनलाइन पंजीकरण के कारण छात्रों के अधूरे दस्तावेज पकड़ में आ गए।
कॉलेजवार छात्रों की संख्या होगी जारी
कई बार मौका देने के बाद भी 4370 छात्रों के दस्तावेज एकेटीयू में सत्यापन के लिए नहीं पहुंचे। कॉलेजवार छात्रों की संख्या एकेटीयू की वेबसाइट पर जल्द ही सार्वजनिक कर दी जाएगी।
- डॉ. एके शुक्ला, डिप्टी रजिस्ट्रार, एकेटीयू