निर्माण कार्य पर लगी रोक हटने और दिल्ली में ट्रकों की आवाजाही बढ़ने के बाद से लगातार चौथे दिन हवा की सेहत गंभीर श्रेणी में दर्ज हुई है। वहीं, बीते एक दिन पहले गंभीर रही एनसीआर के शहरों की हवा में कुछ सुधार हुआ है। उधर, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार वायु गुणवत्ता को लेकर समझौत नहीं करेगी। यदि वायु गुणवत्ता नहीं सुधरी तो सरकार जरूरी कदम उठाएगी।
गोपाल राय ने कहा कि बीते दिनों हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की वजह से सरकार ने प्रदूषण को लेकर लगाए गए प्रतिबंधों को हटा दिया था। यदि प्रदूषण को लेकर स्थिति साथ नहीं देती हैं तो विशेषज्ञों के साथ केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग से भी राय ली जाएगी। सरकार प्रदूषण को लेकर समझौता नहीं करेगी। वहीं, खुले में कचरा जलाने, धूल और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ चल रहा अभियान जारी रहेगा। विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि 25 दिसंबर से वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया जा सकता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 415 रिकॉर्ड हुआ। इससे एक दिन पहले यह 423 दर्ज किया गया था। वहीं, फरीदाबाद का एक्यूआई 414 रिकॉर्ड हुआ है। हालांकि, बीते एक दिन के मुकाबले एनसीआर के अन्य शहरों की हवा में सुधार रिकॉर्ड किया गया है। इस कड़ी में गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा व नोएडा का हवा सुधरकर गंभीर से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है।
वायु मानक संस्था सफर के मुताबिक, वेंटिलेशन इंडेक्स कम होने व हवा में आद्रता का स्तर अधिक होने की वजह से लगातार शुक्रवार को भी हवा की सेहत गंभीर रही है। बीते 24 घंटे में हवा में पीएम 10 का स्तर 393 व पीएम 2.5 का स्तर 248 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड हुआ है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से हवा की रफ्तार कम होने और नमी होने के कारण स्थानीय स्तर पर जमा होने वाला प्रदूषण बढ़ रहा है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, शुक्रवार को हवा की रफ्तार आठ किमी प्रतिघंटा रही है। वहीं, मिक्सिंग हाइट का स्तर एक हजार मीटर और वेंटिलेशन इंडेक्स दो हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया जा सकता है। आईआईटीएम का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में हवा की रफ्तार चार से आठ किमी प्रतिघंटा, मिक्सिंग हाइट एक हजार मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स घटकर एक हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया जा सकता है। वहीं, रविवार को हवा की रफ्तार चार से आठ किमी प्रतिघंटा, मिक्सिंग हाइट 850 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 1500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर के आंकड़े
दिल्ली- 415
फरीदाबाद- 414
गाजियाबाद- 386
ग्रेटर नोएडा-368
गुरुग्राम- 334
नोएडा- 397