चार दिन से दिल्ली एम्स में डॉक्टरों की हड़ताल होने के कारण काफी संख्या में ऑपरेशन टाले जा चुके हैं। इनमें से करीब 800 ऑपरेशन पहले से तय थे। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को दोबारा ऑपरेशन की डेट जल्द मिलने की मुश्किलों को लेकर रविवार को ‘अमर उजाला’ ने खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने इस पर संज्ञान लेते हुए ना सिर्फ एम्स, बल्कि सफदरजंग और आरएमएल अस्पताल में भी हड़ताल के दौरान टाले गए ऑपरेशन को जल्द से जल्द कराने का निर्देश दिया।
एम्स प्रबंधन ने बताया कि सोमवार सुबह सभी विभागों की बैठक होने के बाद जिन मरीजों के ऑपरेशन टल गए हैं, उन्हें फोन करके एम्स बुलाया जाएगा। चूंकि, एम्स में हर दिन छोटे-बड़े लगभग एक हजार से ज्यादा ऑपरेशन होते हैं, इसलिए प्रबंधन ने सभी विभागों को अपने अनुसार प्रतिदिन मरीजों को बुलाकर ऑपरेशन करने का फैसला लिया है।
नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया, सफदरजंग और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भी यही निर्देश लागू होगा। आरएमएल के चिकित्सीय अधीक्षक डॉ. वीके तिवारी ने बताया कि हड़ताल के दौरान आरएमएल में काफी हद तक व्यवस्थाएं सामान्य रही हैं।