दिल्ली गेट के पास मशीनरी स्टोर में ताला तोड़कर हुई लाखों की चोरी के विरोध में भाजपा नेता और व्यापारियों ने बाजार बंद कर जीटी रोड पर हंगामा कर जाम लगा दिया।
नगर कोतवाली पुलिस ने व्यापारियों को जल्द वारदात के खुलासे का आश्वासन देकर दो घंटे बाद बाजार खुलवा दिया। मशीनरी मार्केट में गुरु प्रसाद की नवभारत मशीनरी के नाम से दुकान है।
वह मशीनरी मार्केट एसोसिएशन के सदस्य भी हैं। बृहस्पतिवार रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये के पार्ट्स चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो चोरी का पता चला।
इसके विरोध में व्यापारियों के साथ भाजपा नेता भी उतर आए। भाजपा नेताओं के आह्वान पर दुकानदारों ने बाजार बंद कर घटना का विरोध जताया। जीटी रोड पर हंगामा किया, जिससे आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
इस दौरान काफी देर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। लोगों का आरोप था कि चोरी की वारदातों को पुलिस रोक नहीं पा रही है।
गश्त के बजाय पुलिसवाले सोते रहते हैं। एसएचओ ने बताया कि चोरों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
चोरी की हालिया वारदात
4 फरवरी-महरौली में दुकान का ताला तोड़कर चोरी
23 जनवरी-तुराबनगर में शूज स्टोर में चोरी
23 जनवरी-प्रताप विहार में मेडिकल स्टोर में चोरी
13 जनवरी-डीएम-एसएसपी आवास के निकट वारदात