प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नोएडा प्राधिकरण के निलंबित चीफ इंजीनियर यादव सिंह मामले की जांच शुरू कर दी है। पहली बार निदेशालय का पत्र नोएडा प्राधिकरण को आया है, जिसमें यादव सिंह और उनके परिजनों के नाम दर्ज संपत्तियों व 24 कंपनियों की डिटेल मांगी गई है।
सूत्रों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय के लखनऊ स्थित जोनल दफ्तर से मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण को पत्र मिला है। निदेशालय ने यादव सिंह और उनके चार परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों का ब्योरा तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है।
इसके अलावा ईडी ने 24 कंपनियों की नाम सहित सूची बनाकर दी है। इन कंपनियों को जमीन आवंटन से लेकर अब तक हुए ट्रांसफर का पूरा ब्योरा भी शीघ्र देने को कहा है। इन कंपनियों में यादव सिंह और उनके परिजनों के शेयर होने की आशंका है।