सतीश कौशिक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि देते लोग
- फोटो : अमर उजाला
अभिनेता सतीश कौशिक की मौत के मामले में पुलिस अब तक फार्म हाउस के मालिक विकास मालू समेत 20 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इसी बीच विकास मालू की पत्नी सान्वी मालू ने अपने पति पर सतीश कौशिक की हत्या करने का आरोप लगा दिया है।
पुलिस इस मामले में 174 सीआरपीसी के तहत जांच कर रही है। पुलिस ने विकास मालू का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने सतीश कौशिक की तबीयत खराब होने की बात कही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हृदय गति रुकने की बात सामने आई है। हालांकि विकास मालू की पत्नी के आरोप के बाद पुलिस सभी पहलू पर मामले की जांच शुरु कर दी है।
पुलिस ने विकास की पत्नी सान्वी को सोमवार 11 बजे तक जांच में शामिल होने का नोटिस भेजा था, लेकिन उसने जांच अधिकारी बदलने की मांग करते हुए आने से इंकार कर दिया। इस वजह से उसका बयान नहीं हो पाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सान्वी को दोबारा नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए कहा जाएगा।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसके लिए पुलिस ने कई सवाल तैयार किए हैं। सान्वी ने जो आरोप लगाए हैं, सारे सवाल उसी पर आधारित होंगे। उसने आरोप लगाया था कि पार्टी के दौरान ड्रग्स का इस्तेमाल होता था। इसलिए पुलिस ने उनके आरोपों के बाद सतीश कौशिक के खून के नमूनों को एफएसएल जांच के लिए भेजा है।
पुलिस यह देखना चाहती है कि सतीश कौशिक के खून में को किसी तरह की कोई नशा या अन्य कोई पदार्थ के अंश तो मौजूद नहीं थे। पुलिस टीम ने सतीश कौशिक के हार्ट और लंग्स की भी हिस्टोपैथोलॉजी जांच कराने के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में नमूने भेजे हैं।
यह भी पढ़ें: Satish Kaushik Death: आपत्तिजनक दवाइयां... शराब का सेवन, सतीश कौशिक की मौत मामले में अनसुलझे हैं ये सवाल
पुलिस ने कौशिक का विसरा भी जांच के लिए भेजा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने फार्म हाउस की जांच करने के बाद वहां से सारे साक्ष्य हासिल किए हैं। यह फार्म हाउस कुबेर ग्रूप के मालिक विकास मालू का है। अभिनेता रात में इसी फार्म हाउस में रुके थे और देर रात उन्होंने सीने में दर्द होने की शिकायत की थी।
यह भी पढ़ें: Satish Kaushik Death: पूछताछ में सतीश के मैनेजर का बड़ा खुलासा, कहा- खाना खाने के कुछ देर बाद आया था फोन और...
सतीश कौशिक को उनका मैनेजर फोर्टिस अस्पताल लेकर गए थे। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मामले की जांच के दौरान अब तक पुलिस कौशिक के निजी सचिव, फार्म हाउस के मालिक, गार्ड और फार्म हाउस में पार्टी में मौजूद मेहमान समेत 20 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विकास मालू की पत्नी के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस दोबारा विकास मालू का बयान दर्ज कर सकती है। हालांकि अभिनेता के परिवार ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।