नैस्कॉम की पहल पर बुधवार को ‘एक्टिव कम्युटिंग’ अभियान का आगाज हुआ। प्रत्येक बुधवार को यह अभियान अपने नए-नए रूप रंगों से लोगों को बताएगा कि शहर कैसे और बेहतर हो सकता है।
आईटी-बीपीएम के सीईओ लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चलने के लिए प्रेरित किया। अभियान के अंतर्गत कॉरपोरेट सेक्टर के अधिकारी बुधवार को साइकिल, पैदल और मेट्रो से अपने-अपने दफ्तरों में पहुंचे।
गुड़गांव में रहने वाले अधिकारी साइकिल से आए। घर से जिनका ऑफिस एक किलोमीटर के दायरे में है, वह पैदल कार्यालय पहुंचे।
यह भी पढ़ें: देश की पहली रैपिड मेट्रो को नहीं मिल रहे यात्री
नैस्कॉम की इस पहल में रैपिड मेट्रो और डीएलएफ भी शामिल हैं। ‘एक्टिव कम्युटिंग’ के पहले दिन आईटी-बीपीओ कंपनियों के चार सीईओ ने पैदल चल कर लोगों को जागरूक किया।
नैस्कॉम के को-चेयरमैन व सुमित इंफार्मेंशन टेक्नॉलजी के एमडी राकेश कपूर ने कहा कि ट्रैफिक जाम बड़ी समस्या है।
यह तभी दूर हो सकता है जब सड़कों से निजी वाहन हटें। ऐसा तभी संभव है जब लोग सार्वजनिक परिवहन साधनों मेट्रो और बसों का प्रयोग करें।
इसके अलावा लोगों को साइकिल और पैदल भी चलना चाहिए। इस अभियान को सफल बनाने में एयरटेल मनी, जीई कैपिटल, बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट, एसबीआई कार्ड और मेक आई ट्रिप सहयोग कर रहे हैं। अभियान की शुरूआत सीईओ श्रीराम जगन्नाथ, संजीव जैन, दीप कालरा और एमडी राकेश कपूर ने किया।