सौम्या की मां ने कहा, न्याय के लिए एक तरह से हम भी आजीवन कारावास भोग रहे
15 वर्ष की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद शनिवार को पत्रकार सौम्या विश्वनाथन के हत्यारों को सजा मिली है। इससे सौम्या की मां माधवी खुश हैं, लेकिन संतुष्ट नहीं। उनका कहना है कि न्याय के लिए एक तरह से हम भी आजीवन कारावास भोग रहे हैं। अब आरोपियों को सजा हुई है। तो इससे खुशी है जो हुआ अच्छा हुआ। इससे एक संदेश भी गया है कि जो ऐसा करेगा उसे उसके कर्मों की सजा जरूर मिलेगी। इसे पूरी तरह संतुष्ट नहीं कहा जा सकता है, यह कह सकते हैं कि अच्छा हुआ।
उन्होंने आगे कहा कि आरोपियों को सजा होने की देरी पर उन्होंने नाखुशी भी जाहिर की।15 वर्ष की कानूनी लड़ाई के दौरान वह आजीवन कारावास ही भोग रहे थे। उम्रकैद की सजा से अब आरोपियों को भी उसका एहसास होगा। वहीं, सौम्या विश्वनाथन के पिता ने कहा है कि न्याय हुआ है।
बता दें कि गत माह 18 अक्टूबर को साकेत कोर्ट ने मामले में आरोपियों को दोषी पाया था। इस दौरान सौम्या की मां माधवी विश्वनाथन ने दोषियों को आजीवन कारावास की सजा देने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि मौत की सजा नहीं, बल्कि आजीवन कारावास होना चाहिए। हमने जो झेला है, उसका एहसास आरोपितों को लगातार होना चाहिए, ना कि एक बार में मौत।