एंटी स्नैचिंग और रॉबरी सेल ने वेलकम इलाके में 5 फरवरी को कारोबारी तैयब (40) के सिर में गोली मारने के मामले में मेहताब उर्फ मोनू (22) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक पिस्टल व दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, एक साल पहले हुए झगड़े का बदला लेने के लिए उसने वारदात की थी। अस्पताल ले जाने पर तैयब की जान बच गई थी। उसने दानिश खतरा और सलमान धनकड़ पर वारदात का आरोप लगाया था। छानबीन में मेहताब का नाम सामने आया।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि जींस की सिलाई कराने वाले कारोबारी तैयब के सिर में कुछ लोगों ने घर के पास गोली मार दी थी। तैयब ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी दानिश खतरा के साथ चली गई थी। तैयब से फ्लैट खाली कराने के लिए दानिश ने सलमान धनकड़ के साथ मिलकर उसे गोली मारी। छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सीसीटीवी फुटेज मिली। इसमें कोई और युवक तैयब को गोली मारता दिखा।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को यमुना विहार, एमटीएनएल ग्राउंड के पास से आरोपी मेहताब को दबोच लिया। मेहताब ने बताया कि उसकी तैयब से पुरानी रंजिश थी। तैयब ने उसे धमकी देते हुए बदसलूकी की थी। इसी का बदला लेने के लिए मेहताब ने उसे गोली मारी। पुलिस अब तैयब से दानिश और सलमान का नाम लिखाने की वजह जानने का प्रयास कर रही है।