युवाओं को लामबंद करने के मकसद से आम आदमी पार्टी (आप) ने युवा शाखा का गठन
कर दिया है। हालांकि इसका औपचारिक ऐलान 27 सितंबर को होगा।
यूथ विंग की दिल्ली इकाई की अध्यक्षता तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह
करेंगे, जबकि करोल बाग से विधायक विशेष रवि संयोजक होंगे। पार्टी का दावा
है कि इससे देश के युवा साफ-सुथरी राजनीति की ओर आकर्षित होंगे।
पार्टी के मुताबिक, शहीद भगत सिंह की 107वीं जयंती पर इसका औपचारिक ऐलान होगा। इस मौके पर दिल्ली में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
रविवार को पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ आप यूथ विंग की पहली बैठक
में फैसला किया गया है कि इकाई बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और छात्रों से
जुड़े अहम मसलों पर काम करेगी। इसके लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान
चलाया जाएगा।
अंकुश नारंग, बिलाल अहमद, योगेश और नंदन मिश्रा को आप यूथ विंग का
उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, वंदना सिंह दिल्ली इकाई की सचिव होंगी। यूथ
विंग युवाओं को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाने जा रही है।
इसमें 35 साल से कम आयु के युवाओं को सदस्य बनाया जाएगा। राजधानी के सभी 14
जिलों के संगठनात्मक प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। साथ ही 273 वार्डों में
समितियों के गठन की प्रक्रिया चल रही है।