दिल्ली-कानपुर शताब्दी का गाजियाबाद स्टेशन पर स्टॉप बहाल किए जाने के बाद इसे इंडियन रेलवे की वेबसाइट पर भी अपडेट कर दिया गया है।
अब पहले की तरह ही गाजियाबाद से भी कानपुर शताब्दी में एक अक्तूबर के बाद के टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। हालांकि वैशाली एक्सप्रेस के स्टॉपेज को सोमवार तक वेबसाइट पर अपडेट किया जाएगा।
रेलवे ने प्रयोगात्मक तौर पर शुरू किए गए कुछ ट्रेनों के स्टॉपेज को गाजियाबाद, मोदीनगर, पिलखुवा से खत्म करने की तैयारी कर ली थी। दिल्ली-कानपुर शताब्दी और वैशाली एक्सप्रेस में गाजियाबाद से टिकट बुकिंग भी बंद कर दी गई थी।
अमर उजाला के खुलासे के बाद दैनिक यात्रियों ने जोरशोर से इसके खिलाफ आवाज उठाई। मामला सांसद वीके सिंह के सामने भी लाया गया। आखिरकार रेलवे ने इस फैसले को वापस लेकर स्टॉपेज बहाल कर दिए।
अब शनिवार से आईआरसीटीसी और इंडियन रेलवे की वेबसाइट पर भी सूचना अपडेट कर दी गई। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गाजियाबाद से कानपुर शताब्दी की टिकट बुकिंग शुरू हो गई है।
सोमवार से वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज को भी वेबसाइट पर अपडेट कर दिया जाएगा। रेलवे के सीपीआरओ नीरज शर्मा का कहना है कि फिलहाल किसी भी ट्रेन के स्टॉपेज समाप्त नहीं किए जाएंगे।