भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी पर हमलावर रही आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को एक बार फिर निशाना साधा। पार्टी का कहना है कि बिधूड़ी पर दस एफआईआर दर्ज हैं।
इससे साफ होता है कि उनकी पृष्ठिभूमि आपराधिक है। पार्टी ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि क्या बिधूड़ी जैसे लोगों के सहारे राजनीति करना चाहते हैं। तुगलकाबाद मामले में पार्टी ने बिधूड़ी की गिरफ्तारी की मांग की है।
आप नेता आशुतोष ने मीडिया को बताया कि दक्षिण दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी के खिलाफ दस एफआईआर दर्ज हैं। इतना ही नहीं, भारतीय पुरातत्व विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अदालत में दाखिल एक शपथ पत्र में कहा है कि बिधूड़ी ने एएसआई की जमीन हड़पी है।
वहीं, डीडीए के वरिष्ठ अधिकारी ने भी बिधूड़ी के भतीजे के खिलाफ अतिक्रमण के मामले में दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी है। आशुतोष ने सवाल किया कि क्या भाजपा को जानकारी है कि बिधूड़ी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। दस-दस एफआईआर होने के बावजूद भाजपा ने बिधूड़ी को लगातार आगे क्यों किया है।