बीते दिनों दिल्ली-यूपी बोर्डर पर नाले में डूबने से मां-बेटे की मौत पर राजधानी में सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली सचिवालय पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया।
बीते दिनों मयूर विहार में डीडीए की लापरवाही के कारण मां और बेटे की मौत को लेकर आम आदमी पार्टी ने शनिवार को एलजी सचिवालय पर दिल्ली उपराज्यपाल वी के सक्सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं के हाथों में पोस्टर नजर आए। जिस पर लिखा था कि एलजी साहब इस्तीफा दो।
विज्ञापन
10 से 12 फीट गहरा था नाला
दिल्ली-यूपी की सीमा पर गाजीपुर में मां-बेटा प्रशासन की लापरवाही की भेंट चढ़ गए। 31 जुलाई की रात तेज बारिश के दौरान सड़क और खुले नाले का पानी एकसमान हो गया था। तीन साल के बेटे को गोद में लेकर सड़क से गुजर रही तनुजा अचानक 10-12 फीट गहरे नाले में जा गिरी, लेकिन उसने आखिरी सांस तक जिगर के टुकड़े का साथ नहीं छोड़ा।
गाजीपुर थाने में मामला दर्ज
गाजीपुर थाना क्षेत्र के नाले में 22 वर्षीय तनुजा और उनके तीन साल के बेटे प्रियांशु की मौत के मामले में गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। दिल्ली पुलिस के एएसआई रवि कुमार जांच कर रहे हैं। घटनास्थल पर दिल्ली पुलिस की फोरेंसिक टीम और अधिकारी मौके पर जांच करने पहुंचे हैं।
विज्ञापन
मां-बेटे की मौत पर आप का एक्शन
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि मुझे बड़े ही दुःख के साथ कहना पड़ रहा है कि दिल्ली भाजपा की डीडीए और प्रशासन की वजह से एक मां और बच्ची की मृत्यु हो गई। डीडीए यहां एक नाला का निर्माण करा रहा था। लेकिन तमाम निर्देशों के बाद भी डीडीए ने इस नाले को नहीं ढका और यह दुखद हादसा हो गया। डीडीए भाजपा के एलजी साहब के अंतर्गत आता है। इन्हीं एलजी साहब को जल बोर्ड समेत दिल्ली सरकार के काम में रोड़ा लगाने का शौक है। लेकिन जो विभाग सीधे तौर पर एलजी के अंतर्गत आते हैं, उस पर इनका रत्ती भर ध्यान नहीं है।