प्रो. श्वेता शर्मा
प्रत्याशी को लेकर सस्पेंस बनाकर रखने वाली आम आदमी पार्टी ने रविवार को पत्ते खोल दिए। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से पार्टी ने प्रो. श्वेता शर्मा पर दांव खेला है। ग्रेटर नोएडा निवासी प्रो. श्वेता यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा की रिश्तेदार हैं। प्रत्याशी की घोषणा होते ही आप कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। नामांकन सोमवार को किया जाएगा।
मजबूत संगठन वाले जिलों में प्रत्याशी उतारने के संकेत पार्टी ने दिए थे, लेकिन गौतमबुद्ध नगर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक जिला स्तर पर प्रत्याशी चयन का जिम्मा छोड़ा गया था। जिला कार्यकारिणी ने दो से तीन लोगों के नाम शनिवार को उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह को सौंपे थे जिनमें ग्रेनो के सेक्टर बीटा-टू में रहने वाली प्रो. श्वेता शर्मा के नाम पर रविवार को पार्टी ने मुहर लगा दी गई।
एमएससी, एमबीए, एमफिल और यूजीसी नेट क्वालीफाई आप प्रत्याशी पिछले 15 साल से शिक्षण क्षेत्र को सेवाएं दे रही हैं। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में भाजपा से भी जुड़ी रही हैं। पार्टी के नोएडा प्रवक्ता संजीव निगम ने बताया कि चुनाव के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। सोमवार सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही जन-संपर्क अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
भाजपा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देती है लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में भ्रष्टाचार खत्म नहीं हो पाया है। यही वजह है कि भाजपा छोड़कर मैं आप में शामिल हुई हूं। जनता ने चुना तो शिक्षा में सुधार का कार्य करूंगी।-
प्रो. श्वेता शर्मा, आप प्रत्याशी
पिछली बार अपनों ने दिया था धोखा
2014 के लोकसभा चुनाव में गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर आप प्रत्याशी केपी सिंह को 32 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। पार्टी ने कांग्रेस से बेहतर प्रदर्शन किया था। जानकारों की मानें तो अंदरूनी कलह की वजह से पार्टी उभर नहीं पाई। चुनाव से पहले जोरशोर से सदस्यता अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान 60 से 65 हजार सदस्य बनाने का दावा किया गया था, लेकिन सदस्यता लेने वालों ने भी वोट नहीं दिए थे।