आप सांसद संजय सिंह ने शराब घोटाले को भाजपा की देन करार दिया है। जमानत मिलने के दो दिन बाद शुक्रवार को सांसद ने आरोप लगाया कि असली घोटाला ईडी की जांच के बाद शुरू हुआ। इसमें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के लोग शामिल हैं और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को साजिश के तहत जेल भेजा गया। इसके पीछे आप को खत्म करने और इलेक्टोरल बॉन्ड में भाजपा की सामने आई असलियत को दबाने की मंशा है।
पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में संजय सिंह ने दावा किया कि शराब घोटाले के आरोपी शरथ रेड्डी ने 15 नवंबर, 2022 को भाजपा को पांच करोड़ रुपये दिए। भाजपा जिस शरथ रेड्डी को किंगपिन बताती थी, उसने गिरफ्तारी के बाद भाजपा को 55 करोड़ रुपये की रिश्वत दी। सुप्रीम कोर्ट की वजह से भाजपा का मनी ट्रेल भी सामने आ गया।
संजय सिंह ने कहा, 'एक व्यक्ति हैं, मगुंटा रेड्डी, जिन्होंने तीन बयान दिए, उनके बेटे राघव मगुंटा ने सात बयान दिए। 16 सितंबर को जब उनसे (मगुंटा रेड्डी से) पहली बार ईडी ने पूछा कि क्या वह अरविंद केजरीवाल को जानते हैं, तो उन्होंने सच बताया और कहा कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की लेकिन चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन के मामले में मैं मिला था। लेकिन उसके बाद उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया और पांच महीने जेल में रखने के बाद उनके पिता ने अपना बयान बदल दिया।'
सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि शराब कारोबारी एवं सांसद मगुंटा रेड्डी ने तीन और उनके बेटे राघव रेड्डी ने सात बयान ईडी को दिए। इसके बाद 16 सितंबर 2022 को सांसद मगुंटा रेड्डी पर ईडी ने रेड डाली और केजरीवाल के खिलाफ बयान देने के लिए कहा, लेकिन वह खिलाफ बयान नहीं देता है। इसके बाद उसके बेटे राघव रेड्डी को गिरफ्तार किया गया। पांच महीने की जेल के बाद राघव रेड्डी टूट गया और 16 जुलाई 2023 को राघव रेड्डी अपने सातवें बयान में बदल गया। दोनों बाप-बेटे के नौ बयानों में कहीं भी अरविंद केजरीवाल का जिक्र नहीं है। लिहाजा उस पर जबरन दबाव बनाकर केजरीवाल के खिलाफ बयान दिलवाया गया।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा, 'सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उन छह बयानों (राघव मगुंटा के) और उनके पिता के दो बयानों को हटा दिया गया और ईडी ने कहा कि हमें उस पर भरोसा नहीं है। ऐसे बयान जो अरविंद के खिलाफ नहीं थे, जिन बयानों में अरविंद केजरीवाल का नाम नहीं था, ईडी ने कहा कि हमें इसपर भरोसा नहीं है। बाप-बेटे पर दबाव बनाकर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बयान लिया गया। मगुंटा रेड्डी की तस्वीर पीएम मोदी के साथ है। 16 जुलाई को केजरीवाल के खिलाफ बयान देने के बाद 18 जुलाई को इनकी जमानत हो जाती है। यह बहुत बड़ी साजिश है।'