सरकार बनने पर ‘आप’ 150 करोड़ रुपये में पूरी दिल्ली को वाई-फाई सुविधा देगी। इसके अलावा ‘आपकी सरकार, आपके द्वार’ नामक मोबाइल ऐप भी लॉन्च करेगी।
इससे लोग सरकारी सुविधाओं की जानकारी के साथ-साथ शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे। पार्टी के मुताबिक, चुनावी घोषणा पत्र में इसे शामिल किया जा रहा है।
लोगों को 24 घंटे में आधे घंटे तक वाई-फाई की मुफ्त सुविधा मिलेगी। इसके बाद शुल्क देना पड़ेगा। पार्टी का मानना है कि दिल्ली में करीब एक करोड़ मोबाइल उपभोक्ता हैं।
‘आप’ नेता आदर्श शास्त्री के मुताबिक, पार्टी ने इसकी योजना तैयार कर ली है। सरकार बनने के छह महीने में पूरी दिल्ली को वाई-फाई के दायरे में लाया जाएगा।
इसके लिए बुनियादी ढांचा विकसित करने में 150 करोड़ रुपये का खर्च होगा। सरकारी ऐप की सुविधा मुफ्त होगी, जबकि इंटरनेट चलाने पर आधे घंटे के बाद शुल्क देना होगा।
लंदन की तर्ज पर यूनीफाइड ट्रांसपोर्ट स्मार्ट कार्ड
‘आप’ की सरकार लंदन की तर्ज पर यूनिफाइड ट्रांसपोर्ट स्मार्ट कार्ड जारी करेगी। शास्त्री के मुताबिक, इस इकलौते कार्र्ड पर दिल्लीवासी परिवहन के अलग-अलग माध्यमों पर सफर करेंगे।
मेट्रो और डीटीसी के लिए अलग-अलग किराया नहीं देना पड़ेगा। योजना तैयार है। सरकार बनते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।