आम आदमी पार्टी (आप) एक बार फिर सस्ती बिजली और पानी के वायदे के साथ चुनाव में उतरेगी। आम लोगों को 50 फीसदी सस्ती बिजली और 700 लीटर तक मुफ्त में पानी मिलेगा।
हालांकि अंधाधुंध पानी का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को टैक्स के दायरे में लाने की भी योजना है। पार्टी बिजली-पानी का ब्लू प्रिंट 13 दिसंबर को दिल्ली डायलॉग के तीसरे एडीशन में जारी करेगी।
पार्टी का दावा है कि बिजली सेक्टर में बड़े बदलाव की जरूरत है। डीईआरसी की मिलीभगत से बिजली कंपनियां महंगी बिजली दे रही हैं। डिस्कॉम्स का ऑडिट रुका पड़ा है। ट्रांसमिशन लाइन की हालत भी बदतर है। अगर सरकार जल्द ही इसमें प्रभावी दखल नहीं देती पांच साल बाद बिजली की कीमतें दो गुणी से ज्यादा बढ़ जाएंगी। यही नहीं, पार्टी की सरकार के इस्तीफा देने के बाद दिल्ली में बिजली का बिल 15 फीसदी बढ़ गया है।
पार्टी के मुताबिक, पिछले 9 सालों में दिल्ली में 18 बार पानी का बिल बढ़ा है। देश में किसी भी दूसरी दैनिक जरूरत की वस्तु का दाम इतनी बार नहीं बढ़ाया गया है। पार्टी का मानना है कि लाइफ लाइन के तौर पर पानी पर सबका अधिकार है। उसकी सरकार 700 लीटर तक मुफ्त में पानी मुहैया कराएगी। पार्टी इसका ब्लू प्रिंट भी तैयार कर रही है। अंधाधुंध पानी का इस्तेमाल करने वाले लोगों पर आप की सरकार प्रोग्रेसिव कर लगाएगी। वहीं, लीकेज पूरी तरह रोका जाएगा। इसके साथ ही पूरी दिल्ली को पेयजल पाइप लाइन में मुहैया कराया जाएगा।