दिल्ली नगर निगम चुनाव में टिकट बेचने के आरोप में घिरे आप के मॉडल टाउन से विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी से भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने 10 घंटे लंबी पूछताछ की। विधायक के कई सवालों के जवाब से एसीबी अधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। जरूरत पड़ने पर आगे भी उनको पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। इस बीच उनका मोबाइल जब्त कर लिया गया है। दूसरी तरफ शिकायतकर्ता गोपाल खारी विधायक से पूछताछ के दौरान ही एसीबी मुख्यालय पहुंचे और बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
वहीं, एसीबी के सामने हाजिर हुए विधायक अखिलेशपति ने कहा कि वह व्यक्ति (गोपाल खारी) खुद ही दलाली में शामिल है और उसके खिलाफ कम से कम 50 मामले दर्ज हैं। मैं ऐसे लोगों के खिलाफ बोलना जरूरी नहीं समझता हूं। कानून अपना काम करेगा।
आप विधायक ने टिकट के बदले मांगे 90 लाख, साला व पीए समेत तीन गिरफ्तार
आपको बता दें कि नगर निगम चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर 90 लाख रुपये मांगने वाले आप विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी के साले, और पीए समेत तीन लोगों को भ्रष्टाचार निरोधी शाखा (एसीबी) ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। 55 लाख रुपये देने के बाद भी टिकट नहीं मिलने पर महिला दावेदार के पति ने एसीबी से शिकायत की थी।
एसीबी ने जाल बिछाकर मॉडल टाउन से आप विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी के साले ओम सिंह, पीए शिव शंकर पांडेय उर्फ विशाल पांडेय और साथी प्रिंस रघुवंशी को 33 लाख रुपये लौटाते रंगेहाथों पकड़ लिया।
पीड़ित कमला नगर निवासी आप कार्यकर्ता गोपाल खारी का आरोप है कि निगम चुनाव में पार्टी से टिकट दिलाने के नाम पर त्रिपाठी ने उनसे 90 लाख रुपये मांगे थे। खारी के मुताबिक उसने कुल 55 लाख दिए थे। जिसमें 35 लाख अखिलेशपति व 20 लाख वजीरपुर के विधायक राजेश गुप्ता को दिए गए। राजेश को पैसे अखिलेशपति के कहने पर पहुंचाए थे।
भाजपा नेता खुराना का आप पर हमला
वहीं, भाजपा नेता हरीश खुराना ने आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि कट्टर आम आदमी पार्टी के कट्टर ईमानदार विधायक की पेशी एंटी करप्शन ब्यूरो में है। भ्रष्टाचार का सबूत सामने आने के बावजूद जिस तरह मनीष सिसोदिया ने अखिलेश पति और उनके संबंधियों को ईमानदारी का सर्टिफिकेट दिया। आरोप लगाने वाला भी आप कार्यकर्ता, जिस पर आरोप लगा, वो भी आप कार्यकर्ता। सर्टिफिकेट भी वो बांट रहे हैं, जो शराब माफिया से जुड़े है।
हरीश खुराना ने कहा कि वो आरोपी नंबर 1 माने जाते हैं। उन पर आरोप है कि दिल्ली सरकार के स्कूलों में कमरों के निर्माण में घोटाला किया। हवाला के आरोप में मंत्री बंद है। बस में घोटाला कर दिया। लेबर को पैसा देने के नाम पर करोड़ों रुपये का गबन कर लिया। सर्टिफिकेट ईमानदारी का बांटा जा रहा है।
तीन दिन पहले एक कार्यकर्ता टावर पर खड़े होकर आरोप लगाया कि उनसे पैसे लिए गए। इस पर कुछ नहीं बोलेंगे। इन पर पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान भी टिकट बेचने के आरोप लगे हैं। इनके अपने कार्यकर्ता भी कह रहे हैं। अखिलेशपति त्रिपाठी पर पहली बार आरोप नहीं लगे। कोर्ट ने भी दोषी ठहराया है। सजा का इंतजार कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल अखिलेश पति त्रिपाठी और राजेश गुप्ता को आम आदमी पार्टी से बर्खास्त करें।
इलेक्शन आते ही 3-3 खोखे में नगर निगम के टिकट बेच रही आप: कपूर
वहीं, भाजपा नेता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि एमसीडी का इलेक्शन आते ही 3-3 खोखे में नगर निगम के टिकट बेच रही है। ये आरोप बीजेपी नहीं लगा रही। ये आरोप आप में बैठे लोग लगा रहे हैं। एक विधायक के साले के पास से 33 लाख रुपये नकद बरामद होते हैं। ये कौन सी शुचिता की राजनीति है। आज दिल्ली ही नहीं गुजरात, हिमाचल समेत अन्य हिस्सों की जनता सवाल कर रही है कि लाखों रुपया कहां से आता-जाता है।