दो दिन पहले भाजपा सांसद की ओर से दिल्ली के सीएम बनने का ऑफर मिलने का दावा करने वाले आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा पर तारीफों के पुल बांधे हैं।
यह दूसरी बार है जब कुमार विश्वास ने पीएम मोदी की तारीफ की है। शुरूआत से ही चर्चा में रही मोदी की जापान यात्रा पर कुमार विश्वास ने जो टिप्पणी की है उसके भी कई मायने निकाले जा रहे हैं।
दरअसल, कुमार विश्वास के बयान को भाजपा से बढ़ती नजदीकी के तौर पर देखा जा रहा है। पहले भी ऐसी बातें सामने आती रही हैं कि कुमार विश्वास भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
दो दिन पहले भाजपा पर आम आदमी पार्टी को तोड़ने का आरोप लगाने वाले कुमार विश्वास ने जापान में मोदी पीएम के भाषण को आश्वस्तकारी बताया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से तुलना करते हुए मोदी की शैली को देशहित में बेहतर बताया है।
पढ़िए कुमार विश्वास का पूरा ट्वीट
जापान की राजधानी टोक्यो में जापानी उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए मोदी ने विकास के नए रास्ते खोलने और भारत-जापान के रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया।
पीएम के भाषण के बाद कुमार विश्वास ने अपने ट्विटर और फेसबुक पर टिप्पणी करते हुए लिखा है कि जापान में हमारे प्रधानमंत्री का भाषण आश्वस्तकारी था। उन्होंने लिखा कि बोलते नेता को देखने के लिए दस साल से देश तरस गया था।
एशिया की ये दो महाशक्ति अगर साथ काम करें तो अमेरिका का अति-अधिनायकवाद और चीन का विस्तारवादी-बाज़ारवाद कुछ कम हो सकेगा। उम्मीद है कि भारत के आखिरी गरीब को इस यात्रा से कुछ लाभ अवश्य होगा।
जापान में हमारे प्रधानमंत्री का भाषण आश्वस्तकारी था ! बोलते नेता को देखने के लिए दस साल से देश तरस गया था ! एशिया... http://t.co/187qBG03iO— Dr Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) September 1, 2014
कुमार विश्वास ने मोदी के साथ गए उद्योगपतियों के बारे में चुटकी लेते हुए कहा कि पीएम ने उनके साथ गए सेठों की भी काफी ज्यादा तारीफ की।
बता दें कि मोदी ने अपने भाषण के आखिर में कहा था कि उनके साथ जापान गए उद्योगपति बहुत ही बुद्घिमान और मेहनती लोग हैं। उन्होंने कहा कि ये मेरे देश के इतने बड़े लोग हैं कि मुझे भी इनसे मिलने के लिए अपॉइंटमेंट लेना पड़ता है। सरकार और ये लोग अलग नहीं हैं! हम पार्टनर्स हैं।
मोदी की तारीफ में कुमार ने लिखी कविता!
इसके पहले भी 'आप' नेता कुमार विश्वास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की थी। लोकसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद कुमार विश्वास ने मोदी को बधाई देते हुए कहा था कि यह 'जनता का फैसला' है।
लोकसभा चुनाव में अमेठी से चुनाव लड़ने वाले विश्वास ने ट्विटर के जरिए उन्हें बधाई दी थी और लिखा था- नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली भाजपा को उनके पक्ष में जनादेश के लिए बधाई। उम्मीद है कि उनकी टीम भारत माता की जरुरतों और अपेक्षाओं के लिए एकजुट होगी।
कुमार विश्वास के इस ट्वीट और चुनाव में कड़ी हार के बाद यह कहा जा रहा था कि वह भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि कुमार ने इसे सिरे से खारिज कर दिया था।
अब भाजपा की ओर से ऑफर मिलने का मुद्दा छेड़कर उन्होंने इस चर्चा को एकबार फिर हवा दे दी है।
यह बात भी चर्चा में है कि कुमार विश्वास ने साल 2009 में मोदी की तारीफ में एक कविता भी लिखी थी जो चुनाव के दौरान सोशल मीडिया में खूब चली थी।