आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने पार्टी मुख्यालय में रविवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पिछले छह दिनों से मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने पूछताछ के लिए रिमांड पर ले रखा है और वह उनको मानसिक तौर पर परेशान कर रही है। उन पर बार-बार दबाव बनाया जा रहा है कि वह सारी बातें कबूल कर लें और एक झूठे कबूलनामे पर हस्ताक्षर कर दें। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि सीबीआई सबूतों के अभाव में उन्हें परेशान कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि दरअसल, सीबीआई के पास कोई ऐसा सबूत नहीं है जिसमें साबित हो कि सिसोदिया की ओर से एक रुपये की भी हेराफेरी की गई है। इसलिए वह किसी भी तरीके से सिसोदिया को परेशान कर रही है। उसका प्रयास है कि वह सारी चीजों का झूठा कबूलनामा साइन करा दें। एक अन्य संवाददाता सम्मेलन में आप नेता आतिशी ने कहा कि मनीष सिसोदिया पर एक रुपये के भ्रष्टाचार का सबूत नहीं है। ऐसे में अब झूठे कबूलनामे के लिए सीबीआई उनको मानसिक तौर पर परेशान कर रही है। देश के लिए चिंता की बात कि अगर पुलिस हिरासत में मनीष सिसोदिया को परेशान किया जा रहा तो यह किसी के साथ भी हो सकता है।
आतिशी ने कहा कि सीबीआई और ईडी दस हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। सिसोदिया के घर, ऑफिस और उनके पैतृक गांव पर 50 घंटों से अधिक की छापेमारी हो चुकी है। इसके बावजूद दोनों एजेंसियां जांच में मनीष सिसोदिया के ऊपर एक रुपये का भ्रष्टाचार साबित नहीं कर पाई हैं। सीबीआई की पहली चार्जशीट और सप्लीमेंट्री चार्जशीट में मनीष सिसोदिया का नाम नहीं आया है। ईडी की चार्जशीट में भी मनीष सिसोदिया का नाम नहीं आया। इसका कारण यह है कि सीबीआई और ईडी के पास मनीष सिसोदिया पर एक रुपये के भ्रष्टाचार का सबूत नहीं हैं।