दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर आम आदमी पार्टी ने रविवार को डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती संविधान बचाओ दिवस के रूप में मनाई। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों व जिला मुख्यालयों पर पार्टी नेताओं-समर्थकों ने संविधान बचाने की शपथ ली। पार्टी मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि अगर फिर से भाजपा सत्ता में आई तो संविधान बदल देगी। केवल दिल्ली सरकार ने मुफ्त शिक्षा, इलाज, बिजली, पानी दिया है। इस बार दिल्ली में सातों सीटों पर भाजपा की जमानत जब्त होगी।
सांसद संजय सिंह ने कहा कि आप कार्यकर्ता संविधान को बचाने के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे। अंबेडकर का कहना था कि सभी को शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए। यह सपना केवल दिल्ली सरकार ने पूरा करने का काम किया है। पंजाब में सरकार बनी तो वहां भी दिल्ली की तरह भाजपा की दुकान बंद हो गई। इस दौरान दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, आतिशी व सौरभ भारद्वाज, विधानसभा की डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान, मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय, जस्मीन शाह समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
जेल का जवाब, वोट से देंगे: गोपाल राय
मंत्री गोपाल राय ने कहा कि पहली बार संसद से 150 से ज्यादा सांसदों को निलंबित कर दिया गया। केंद्र सरकार ने सभी जांच एजेंसियां ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग को मुट्ठी में कर लिया है। भाजपा के खाते में 60 करोड़ रुपये देने वाले शरथ रेड्डी पर ईडी, सीबीआई कोई जांच नहीं कर रहीं हैं। भाजपा की सत्ता की ताकत से हम वोट की ताकत से लड़ेंगे और 25 मई को जेल का जवाब वोट से देंगे।
संविधान की रक्षा करनी होगी : डॉ. शैली
मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि अंबेडकर के प्रयासों से वंचितों को न्याय मिला है। लोगों को समान अधिकार मिले। देश को आगे ले जाना है तो उनके दिखाए मार्ग पर ही बढ़ना होगा। संविधान की रक्षा करनी होगी। आप उनके सपनों को पूरा करने का काम कर रही है।
अंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ाएंगे : कुलदीप
पूर्वी दिल्ली से प्रत्याशी कुलदीप कुमार ने कहा कि देश का संविधान सभी की समानता और हर वर्ग के उत्थान की बात करता है। भाजपा संविधान बदलना चाहती है, क्योंकि ये महिलाओं को बराबरी का अधिकार देता है। सभी को यह प्रतिज्ञा लेनी होगी कि चाहे कुछ भी हो जाए, संविधान पर आंच नहीं आने देंगे। अंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ाते जाएंगे और जनता के लिए काम करते रहेंगे।