आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर हमला बोला। पार्टी ने देश के बिगड़ते सांप्रदायिक माहौल पर प्रधानमंत्री के बयान को बेहद सामान्य व अर्थहीन कहा है।
प्रधानमंत्री के बयान की निंदा करते हुए पार्टी ने चेतावनी दी है कि वह इसके खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। आप नेता आशुतोष ने कहा कि कन्नड़ साहित्यकार एमएम कलबुर्गी की हत्या, दादरी कांड, गुलाम अली के कार्यक्रम के विरोध से लेकर सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर स्याही फेंकने तक के मामलों में बोलने की आजादी और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का हनन हो रहा है।
जबकि प्रधानमंत्री इसमें केंद्र सरकार की भूमिका न होने की दलील दे रहे हैं। अपने नेताओं को कड़ा संदेश देने की जगह उन्होंने सारी जिम्मेदारी विपक्ष पर डालने की कोशिश की है।