नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर दिल्ली सरकार के अधिकारियों पर केंद्र शासित भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है। इसी का नतीजा है कि अधिकारी 9 महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक बजट का 50 फीसदी से ज्यादा धन विकास कार्यों के लिए इस्तेमाल नहीं कर पाए हैं।
पार्टी ने इस संबंध में एक आंकड़ा भी जारी किया है, जिसमें दावा किया है कि अगर यह गलत है तो दिल्ली के अधिकारी इसे खारिज करके दिखाएं। पार्टी का कहना है कि दिल्ली सरकार के अधिकारी बिना किसी नेतृत्व के काम नहीं कर रहे हैं। अब जबकि चुनाव नजदीक हैं तो बीजेपी नेताओं के इशारे पर विकास कार्यों के नाम पर शिलान्यास कराए जा रहे हैं।
पार्टी का आरोप है कि भाजपा के इशारे पर ही बीते दिनों दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव ने एक बैठक की। उसमें अधिकारियों से कहा कि जो भी विकास कार्य रुके हैं उनके जल्द से जल्द शिलान्यास कराए जाएं।
पार्टी का दावा है कि बजट में मिले 36,766 करोड़ रुपये की 60 फीसदी रकम भी प्रयोग नहीं हुई है। कुछ दिनों में विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो जाएगी यह रकम लैप्स हो जाएगी। पार्टी का कहना है कि कोई भी सेक्टर स्वास्थ्य, बिजली, पानी, परिवहन विभाग ने कहीं पर भी पैसा खर्च नहीं किया गया है। आम लोगों के हितों की अनदेखी की गई है।