आप ने अपने प्रेस कांफ्रेंस में आवाम के आरोपों पर तीखा रुख अपनाते हुए कहा है कि उन्होंने एसआईटी जांच के लिए पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखा है। इस पत्र में आप ने तीनों पार्टियों के पिछले 5 साल में मिले चंदे के स्रोत की एसआईटी जांच की मांग की है।
इस दौरान कुमार विश्वास ने कहा कि हम पार्टी फंडिंग के विषय पर हो रहे डिबेट का स्वागत करते हैं हालांकि ये बहस उन लोगों द्वारा की जा रही है जिनके चंदे का 70-80 प्रतिशत स्रोत अज्ञात है।
आप नेता कुमार विश्वास ने आगे कहा है कि उन्होंने चीफ जस्टिस के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और बीजेपी को भी एसआईटी जांच में सहयोग के लिए पत्र लिखा है।
कहीं दिखावा तो नहीं SIT जांच की मांग
आम आदमी पार्टी के जो पांच नेता एसआईटी जांच के लिए आवेदन देने सुप्रीम कोर्ट पहुंचने वाले थे वो अब तक सुप्रीम कोर्ट नहीं पहुंचे हैं। सूत्र बता रहे हैं कि ऐसा भी हो सकता है कि आप सुप्रीम कोर्ट जाए ही नहीं और सारी बात केवल दिखावे के लिए कही जा रही थी।
बता दें कि सोमवार को अवाम नाम के एक एनजीओ ने आम आदमी पार्टी पर फर्जी कंपनियों से चंदा लेने का आरोप लगाया था। अवाम का आरोप था कि आम आदमी पार्टी चंदे में काले धन का प्रयोग कर रही है।
इस आरोप के लगने के बाद आम आदमी पार्टी सुप्रीम कोर्ट जाकर एसआईटी गठन करने की मांग करने वाली थी, लेकिन खबर है कि अब तक पार्टी सुप्रीम कोर्ट नहीं पहुंची है।
सूत्रों के अनुसार अब पार्टी दोपहर 1:30 बजे एक प्रेस कांफ्रेंस करेगी, जिसमें उसकी आगे की रणनीति निश्चित होगी। कहा जा रहा है कि आप इसलिए सुप्रीम कोर्ट नहीं पहुंची क्योंकि उसने आवेदन लेटर तैयार नहीं किया था।
पिछले चुनाव से पहले भी हुए थे ऐसे खुलासे
आम आदमी पार्टी को मिलने वाले चंदे पर उठे विवाद के बाद बीती रात आप ने एक प्रेस कांफ्रेंस करके तीनों दलों को मिलने वाले चंदे की जांच की मांग की है।
प्रेस कांफ्रेंस में आप नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि अब जब चुनाव में केवल 5 दिन बाकी हैं, तो जानबूझकर 8 महीने पुराना एक मुद्दा उठाया गया है। यही तरीका पिछले चुनाव में भी अपनाया गया था।
योगेंद्र ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार एक एसआईटी बनाने की मांग की है जो कांग्रेस, बीजेपी और आप तीनों के चंदों की जांच करेगी।
आज आवेदन दाखिल करेगी AAP
गौरतलब है कि एक एनजीओ अवाम जिसके सदस्य पहले आप से ही जुड़े थे, ने खुलासा किया है कि आप फर्जी कंपनियों से चंदा लेती है। इसी खुलासे के बाद आप ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा है कि वह किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं।
योगेंद्र यादव ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट के अनुसार जो पार्टी दोषी पाई जाएगी उसके खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार 5 आप नेता आज सुबह 10:30 बजे सुप्रीम कोर्ट जाकर बीजेपी, आप और कांग्रेस को मिलने वाले चंदे के जांच के लिए आवेदन दाखिल करेंगे।
इसके साथ ही आप, बीजेपी व कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र लिखकर एसआईटी जांच में सहयोग करने की मांग करेगी, जिससे जांच के बाद पार्टियों की साफ-सुथरी राजनीति का पता चल जाए।