फिल्म अभिनेता आमिर खान ने आम आदमी पार्टी से जुड़ने की खबरों को अफवाह की करार दिया है। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं।
आमिर खान ने चुनाव आयोग से ऐसी अफवाहों पर कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की। आमिर की ओर से जारी किए गए बयान में यह कहा गया है कि उन्होंने पहले ही यह स्पष्ट कर रखा है कि वह व्यक्तिगत रूप से किसी भी पार्टी से नहीं जुड़ने वाले और न ही वह किसी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
यह भी पढ़ें:कठपुतली के फेर में फंस गए AAP उम्मीदवार खेतान
आमिर का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुई उस तस्वीर के बाद आया है जिसमें आमिर की फोटो के साथ यह भी लिखा कि वह आम आदमी पार्टी को वोट देंगे। इस पोस्टर में पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, क्रिकेटर कपिल देव और अभिनेता मोहनलाल को भी AAP के समर्थन में दिखाया गया है। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि यह पोस्टर आम आदमी पार्टी ने जारी किया है या फिर यह फर्जी है।
बीते कुछ महीने पहले आमिर खान ने एक न्यूज चैनल पर कहा था कि आम आदमी पार्टी कुछ नया करने का ऑफर दे रही है लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केजरीवाल की नई नवेली राजनीतिक पार्टी ने अपने चुनावी वादों में बहुत अच्छी बातें जरूर कहीं हैं लेकिन वह इस आधार पर जुडेंगे नहीं।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने वोटिंग को बढ़ावा देने के लिए आमिर खान को अपना नेशनल आइकॉन घोषित किया है।