सीएम आतिशी ने कहा, 'हमें विश्वसनीय स्रोतों से पता चला है कि कांग्रेस उम्मीदवारों का चुनावी खर्च भाजपा से आ रहा है। भाजपा कांग्रेस उम्मीदवारों को फंड दे रही है। हमने सुना है कि संदीप दीक्षित को भाजपा से फंड मिल रहा है। अगर कांग्रेस को लगता है कि हम (आम आदमी पार्टी) देशद्रोही हैं, तो उन्होंने हमारे साथ गठबंधन करके लोकसभा चुनाव क्यों लड़ा? यह स्पष्ट है कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के साथ आप को हराने और दिल्ली में भाजपा को जिताने के लिए कुछ आपसी समझौता किया है। अगर कांग्रेस और भाजपा के बीच कोई समझौता नहीं हुआ है, तो उन्हें 24 घंटे के भीतर अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।'
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए कांग्रेस हर संभव कोशिश कर रही है। भाजपा कांग्रेस का फंडिंग कर रही है। अजय माकन भाजपा का स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं। अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल को 'देशद्रोही' कहा, पार्टी 24 घंटे में उनके खिलाफ कार्रवाई करे।
संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता अजय माकन भाजपा द्वारा भेजी गई स्क्रिप्ट पढ़ते हैं और आप नेताओं को टारगेट करते हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों के लिए बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा का इंतजाम किया लेकिन कांग्रेस ने केजरीवाल को देशद्रोही कहा। कांग्रेस ने सारी हदें पार कर दी हैं। कांग्रेस आलाकमान 24 घंटे में अजय माकन पर एक्शन ले, वरना हम कांग्रेस को इंडी गठबंधन से अलग करने की मांग करेंगे।