आमतौर पर व्यक्ति महीने या सप्ताह में कभी कभार ही अखरोट का सेवन करता है। जबकि आहार विशेषज्ञों की मानें तो हर दिन अखरोट खाने से कई बीमारियां दूर हो सकती हैं। हाइपरटेंशन, मधुमेह, मोटापा, आंख और ह्दय संबंधी अन्य बीमारियों को इससे रोका जा सकता है।
मंगलवार को दिल्ली में कैलीफोर्निया वालनट कमीशन (सीडब्ल्यूसी) की ओर से एक परिचर्चा रखी गई थी, जिसमें विदेशों के अलावा भारतीय विशेषज्ञों ने भी सहभागिता की। इस दौरान अखरोट के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की चर्चा की गई।
साथ ही कुछ शोध भी प्रस्तुत किए गए, जिनके जरिए अखरोट की उपयोगिता समाज में और भी ज्यादा होना बताई गई। एम्स की पूर्व मुख्य डायटीशियन डॉ. रेखा शर्मा बताती हैं कि भारतीय इतिहास में अखरोट की उपलब्धियों को सदियों पहले ही शामिल कर लिया गया था।