तीन दिवसीय महोत्सव में 100 से अधिक कलाकार और शिल्पकार ले रहे हिस्सा, 11 पारंपरिक कलाओं का हो रहा प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। भारतीय लोक, जनजातीय कला और पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुंदर नर्सरी में शुक्रवार को अनंत उत्सव 2026 का शुभारंभ हुआ। स्पिक मैके की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकार अपनी कला और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। महोत्सव में 100 से अधिक कलाकारों और शिल्पकारों ने हिस्सा लिया है। वहीं, 11 पारंपरिक शिल्प कलाओं का प्रदर्शन भी किया जा रहा है।
महोत्सव का उद्घाटन शहनाई वादक अश्विनी शंकर की शहनाई प्रस्तुति के साथ हुआ। तीन दिवसीय आयोजन में लोक संगीत, नृत्य, पारंपरिक कला और शिल्प के माध्यम से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को अलग-अलग क्षेत्रीय कला परंपराओं की प्रस्तुतियां हुईं। इसमें केरल के कलामंडलम महाकृष्णन ने ओट्टनथुल्लल, मणिपुर के अतिंगा ने फिशारो जगोई और श्री महमूद फारूकी ने दास्तानगोई की प्रस्तुति दी। वहीं, रविवार को असम के घना कांता बोरा की गायन-बायन, ओडिशा के प्रदीप कुमार मिश्र की मयूरभंज छऊ में चक्रव्यूह और मध्य प्रदेश के प्रह्लाद सिंह टिपानिया की कबीर वाणी की प्रस्तुति होगी।
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिल्प कार्यशालाओं और स्टॉल भी लगाए गए हैं। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए 11 पारंपरिक शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। स्पिक मैके की ओर से आयोजित इस महोत्सव को आगा खान ट्रस्ट फॉर कल्चर और सुधा संगिनी फाउंडेशन का सहयोग मिला है। आयोजकों का उद्देश्य पारंपरिक कला विधाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।