पेलक गांव के पास हुआ हादसा, डंपर के आगे-पीछे नहीं था नंबर, पुलिस कर रही जांच
जेसीबी से निकाले गए शव, मृतक में एक महिला भी, उसके चार बच्चे हैं, चालक भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
पलवल-अलीगढ़ रोड पर शनिवार सुबह करीब नौ बजे पेलक गांव के पास मिट्टी से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवा ट्रैक्टर-ट्रॉली के ऊपर पलट गया। इसके नीचे दबकर ट्रैक्टर पर सवार 32 वर्षीय जितेंद्र और 40 वर्षीय मुकेश देवी उर्फ ज्योति की मौत हो गई। दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने जेसीबी की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला।
शिकायतकर्ता देवेंद्र उर्फ देवीलाल ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गांव पेलक से होते हुए ताराका गांव जा रहे थे। उनके साथ धामका निवासी जितेंद्र पुत्र मुंशी राम और इस्लामाबाद, पलवल निवासी मुकेश देवी उर्फ ज्योति भी सवार थीं। जब वे पेलक-ताराका चौक पर पलवल-अलीगढ़ रोड पहुंचे तो अलीगढ़ की तरफ से मिट्टी से भरा हाईवा तेज रफ्तार और लापरवाही से आया और उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिकायतकर्ता उछलकर सड़क पर जा गिरा, जबकि हाईवा ट्रैक्टर-ट्रॉली के ऊपर पलट गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, हाईवा के आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने जेसीबी की मदद से जितेंद्र और मुकेश देवी उर्फ ज्योति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्हें जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। मुकेश देवी उर्फ ज्योति के परिवार में पति संजय और चार बच्चे हैं। इनमें दो बेटे दीपक और अरुण तथा दो बेटियां अंजलि और अंशिका हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिकायतकर्ता ने हाईवा चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने की शिकायत दी है। उसने पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दोनों शवों का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
तेज रफ्तार मिट्टी से भरे डंपर बन रहे हादसों का कारण :
शहर की सड़कों पर मिट्टी से भरे डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते नजर आते हैं। भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है। कई बार ऐसे वाहनों पर नंबर प्लेट तक नहीं होती। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से इनकी रफ्तार और आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। पेलक के पास हुआ हादसा भी भारी वाहनों की तेज रफ्तार से पैदा होने वाले खतरे को उजागर करता है।
मृतकों के परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
अश्वनी कुमार, थाना प्रभारी