आने वाले दिनों में आप एनसीआर में बस केकार्ड से मेट्रो और मेट्रो के स्मार्ट कार्ड से बस में सफर कर सकेंगे। आपको अलग से टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नोएडा मेट्रो रेल कार्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक जीपी सिंह ने बताया कि डीएमआरसी के साथ बुधवार को बैठक में जानकारी दी गई कि डीटीसी और डीएमआरसी के बीच करार हो चुका है।
इस करार के मुताबिक यात्री मेट्रो के कार्ड से डीटीसी की बसों में सफर कर सकेंगे। इसी तरह डीटीसी के कार्ड से दिल्ली एनसीआर में कहीं भी मेट्रो में सफर किया जा सकेगा। ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन के जरिए डीटीसी और डीएमआरसी के खाते में टिकट का पैसा ट्रांसफर हो जाएगा।
इसी व्यवस्था को एनएमआरसी भी लागू करना चाह रहा है। जीपी सिंह ने बताया कि डीएमआरसी व डीटीसी के बीच करार की प्रतिलिपि मांगी गई है। यही व्यवस्था यहां भी लागू की जाएगी।
एनएमआरसी के स्मार्ट कार्ड से डीएममआरसी की मेट्रो और नोएडा-ग्रेटर नोएडा सिटी बसों में सफर की सुविधा देने पर पहले ही सहमति बन चुकी है। अब डीटीसी के साथ करार कर एनएमआरसी के कार्ड से डीटीसी बसों में सफर की सुविधा दी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि गुड़गांव की रैपिड मेट्रो भी एनएमआरसी का कार्ड चलेगा। इससे एनसीआर में यात्रियों का सफर और आसान हो जाएगा। समय की भी बचत होगी।