बहीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के अनुसार एक गांव निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह शाम के करीब पांच बजे घर पर अकेली थी और अपने घरेलू काम कर रही थी। उसी दौरान सलीम उसके घर में घुस आया और आते ही उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब तक वह कुछ समझ पाती आरोपी ने उसे दबोच किया और उसके कपड़े फाड़ दिए। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। शाम को जब उसके पति व ससुर घर आए तो आपबीती उन्हें बताई। पति व ससुर शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे तो आरोपी के पिता व चाचा उसे झूठी बताकर उनके घर आ गए। घर आकर आरोपी, उसके पिता व चाचा ने उसके व उसके परिवार के साथ मारपीट की और पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी देकर गए हैं।
बहीन थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सलीम, उसके पिता इसराईल व चाचा इस्माईल के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास, छेड़छाड़ व मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।