एक फाल्ट के चलते महानगर के लाखों लोगों को शनिवार रात बिजली संकट से जूझना पड़ा। भयंकर गर्मी के चलते रात में लोग सो नहीं सके। वहीं, रविवार सुबह उन्हें पेयजल नहीं मिला।
पावर कारपोरेशन के ट्रांसमिशन सेक्शन में शनिवार रात बड़ा फाल्ट आ गया था। 400 केवीए की बड़ी लाइन का तार टूटकर गिर गया था। इससे मुरादनगर ट्रांसमिशन पावर स्टेशन के तीनों ट्रांसफार्मर ट्रिप हो गए थे।
ट्रांसफार्मर और ओवीसी में प्राब्लम आने से महानगर में अंधेरे में डूब गया। शनिवार रात का तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड था। इसके साथ उमस बहुत ज्यादा थी। ऐसे में भयंकर गर्मी होने और बिजली चले जाने से लोगों को रात जागकर बितानी पड़ी।
ट्रांसमिशन अफसरों का प्रयास था कि 10 बजे हुए ब्रेकडाउन को रात 12 बजे तक ठीक कर लिया जाएगा, लेकिन फाल्ट सवा दो बजे तक ही ठीक हो पाया। एसई ट्रांसमिशन एसपी राम ने बताया कि फाल्ट ठीक करने को तीन टीमें लगीं थी। सप्लाई शुरू करने के लिए पावर सेफ्टी कोड भेजा जाता है।
कोड गाजियाबाद से मोदीपुरम भेजा जाता है। वहां से लखनऊ पहुंचता है। इसके डिकोड करके ही सप्लाई शुरू होती है। इस कारण 20 मिनट की देरी हुई।