धोखाधड़ी के मामले की जांच करने की धमकी देकर पीड़ित से 35 हजार रुपये लेने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट ने गांधी नगर थाने में तैनात एक हवलदार के खिलाफ रिश्वत लेने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि धोखाधड़ी और आपराधिक षडयंत्र रचने के एक मामले में शिकायतकर्ता से जांच बंद करने की धमकी देकर रुपयों की मांग की गई। बाद में केस की जांच जारी रखने के नाम पर पीड़ित से दो बार में 35 हजार रुपये वसूल लिए गए।
सबूत के तौर पर पीड़ित ने रिश्वत लेने के दौरान हवलदार की सीसीटीवी फुटेज भी जांच टीम को सौंपी। शिकायतकर्ता ने तो गांधी नगर थाना प्रभारी पर भी रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। हालांकि, जांच में उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले। हवलदार को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है, जल्द ही उसे पूछताछ में शामिल किया जाएगा। विजिलेंस यूनिट के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच में शामिल होने के लिए केस के जांच अधिकारी व गांधी नगर थाना प्रभारी को भी बुलाया जाएगा। पीड़ित के सारे आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गांधी नगर थाने में एक शख्स ने 2022 में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र रचने का एक मामला दर्ज करवाया था। केस की जांच जारी थी। इस बीच थाने के पुलिस कर्मियों की ओर से उन पर पैसे देने का दबाव बनाया गया। पीड़ित से कहा गया कि यदि वह पैसे नहीं देंगे तो केस की जांच बंद कर दी जाएगी। पीड़ित ने थाना प्रभारी पर पैसे मांगने का आरोप लगाया। थाने के अधिकारियों के कहने पर हवलदार ने उनके घर आकर दो बार में 35 हजार रुपये लिए। मामले की जांच पीड़ित ने शाहदरा जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की। इसके बाद जांच में हवलदार पर लगे आरोप सही पाए गए। अब मामले की जांच की जा रही है।